AI की मदद से अखनूर में मारे गए 3 आतंकी, सेना ने बताया ऑपरेशन को कैसे दिया अंजाम
जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में आतंकियों ने सोमवार को हमला किया था. केरी बट्टल इलाके में सेना की एक एंबुलेंस पर फायरिंग की थी. इसके बाद आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन शुरू किया गया. दो दिन चली मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए हैं. आतंकियों के खात्मे के लिए सेना ने एआई की भी मदद ली.
जम्मू के अखनूर में सोमवार को हमला करने वाले 3 आतंकियों का सुरक्षाबलों ने खात्मा कर दिया है. हमले के तुरंत बाद सेना ने ऑपरेशन आसन शुरू किया था. इसमें एनएसजी कमांडो, हेलीकॉप्टर के साथ ही बीएमपी-II लड़ाकू वाहनों को भी उतारा. ये पहली बार था जब आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन में बीएमपी-II जैसे टैंक उतारे गए. इतना ही नहीं एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की भी मदद ली गई.
आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन खत्म होने के बाद सेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें सेना के मेजर जनरल, समीर श्रीवास्तव ने बताया, ऑपरेशन आसन में हमने मानव रहित वाहन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया. इसके हमें त्वरित और अच्छे परिणाम मिले. आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन में हमने एक आर्मी डॉग खो दिया.
सेना ने बताया ऑपरेशन में क्यों उतारे गए टैंक
मेजर जनरल ने बताया कि जब सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था, तभी आतंकवादियों ने डॉग फैंटम पर गोलियां चलाईं. इस हमले में फैंटम ने देश के लिए बदिलान दिया. उसके बलिदान के कारण ही कई लोगों की जान बची. उन्होंने बीएमपी टैंक के इस्तेमाल पर भी जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि हमने बीएमपी का इस्तेमाल किया क्योंकि वो दुर्गम इलाका था. 30 डिग्री की ढलान और घने जंगल में आतंकवादियों का पता लगाने के बाद वहां पहुंचने के लिए इनका इस्तेमाल किया गया था.








Leave a Reply