हिमाचल में बादल फटने की घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद संभाली मॉनिटरिंग की कमान, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

हिमाचल में बादल फटने की घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद संभाली मॉनिटरिंग की कमान, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

 

 

नई दिल्ली- हिमाचल प्रदेश में कुदरत का कहर देखने को मिला है। मंडी, शिमला और कुल्लू में भारी बारिश और बादल फटने से काफी जान-माल का नुकसान हुआ है। कई घर और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई। इसी बीच हिमाचल प्रदेश के मंडी में बादल फटने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं और करीब से पैनी नजर रख रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने शीर्ष अधिकारियों से प्रभावितों को हर संभव मदद सुनिश्चित करने को भी कहा है। पीएम मोदी के निर्देश के बाद यहां राहत कार्य जोरों से चल रहा है।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से फोन पर बात कर वहां के हालात की जानकारी ली। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ”आज हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल फटने के कारण हुए भारी नुकसान से आम जनजीवन प्रभावित होने का दुखद समाचार मिला। लगातार हो रहे प्राकृतिक आपदाओं के संदर्भ में राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से फोन पर विस्तृत बात कर जानकारी प्राप्त की और प्रधानमंत्री मोदी के सरकार की तरफ से हर संभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल और भाजपा कार्यकर्ताओं से इस संकटपूर्ण समय में प्रदेशवासियों को मदद पहुंचाने की अपील की।”

पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर लिखा, ”बीती रात भारी बारिश के कारण जिला मंडी के थलटूखोड़ के समीप राजमण गांव में जानमाल की क्षति और निरमंड के अंतर्गत समेज, बागीपुल क्षेत्रों में कई भवन एवं मकान बहने तथा कई लोगों के लापता होने वाली खबर सुनकर मन बहुत दुखी है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा लापता लोग सकुशल हों। दुःख की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा हूं। राज्य सरकार से भी मेरा निवेदन है कि कल रात पूरे प्रदेश में हुई भारी बारिश के कारण हो रही तबाही में घटना स्थलों पर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य करवाएं।”

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *