MBD WEB NEWS

नए युग की तरफ बड़ी भाजपा: नितिन नबीन बने 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष; मोदी-शाह ने दी बधाई

 

MBD NEWS नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) को लंबे इंतजार के बाद अपना नया ‘कप्तान’ मिल गया है। मंगलवार को पार्टी ने औपचारिक ऐलान करते हुए बिहार के दिग्गज नेता और 5 बार के विधायक नितिन नबीन को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया है। नितिन नबीन को निर्विरोध इस पद के लिए चुना गया है। खास बात यह है कि वह बीजेपी के शीर्ष पद पर आसीन होने वाले अब तक के सबसे युवा नेता हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद नबीन को अध्यक्ष बनने पर बधाई दी और उनके नेतृत्व में पार्टी के आगे बढ़ने की उम्मीद जताई है।

नड्डा की जगह संभाली कमान, दिग्गजों का मिला साथ

नितिन नबीन ने निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्थान लिया है, जो साल 2020 से पार्टी की कमान संभाल रहे थे। अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया के दौरान नबीन एकमात्र उम्मीदवार थे, जिसके चलते उनकी ताजपोशी तय मानी जा रही थी। उनके समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण ने घोषणा की कि नबीन के पक्ष में नामांकन पत्रों के कुल 37 सेट दाखिल किए गए थे, जिनमें से सभी वैध पाए गए। इसके साथ ही वह पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं।

नड्डा बोले- ‘ऊर्जावान हाथों में है दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी’

नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने पर निवर्तमान अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने खुशी जाहिर की। उन्होंने नबीन को नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं देते हुए इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताया। नड्डा ने कहा कि आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी की बागडोर एक नौजवान, ऊर्जावान और प्रतिभावान नेता के हाथों में है। उन्होंने करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से नबीन का स्वागत किया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी नई ऊंचाइयों को छुएगी।